कोल घाट में एक ट्रेनिंग सेंटर द्वारा झांसा देकर वसूली के विरोध में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन देने ज
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। शिक्षा के नाम पर छात्र-छात्राओं से 15 से 20 हजार की वसूली करने और दबाव बनाकर उनसे चेन नेटवर्किंग का कार्य कराने के मामले में पुलिस ने आरोपी संस्था पर एफआईआर दर्ज कर लिया है। संस्था के खिलाफ पीड़ित युवाओं ने मोर्चा खोल रहा था वहीं, अमर उजाला ने इस फर्जीवाड़े को प्रमुखता के साथ उठाया था।
कोलघाट मुहल्ला स्थित स्मार्ट वैल्यू (एपीएलएल) नाम की कंपनी ने बैंकिंग और कंप्यूटर शिक्षा देने के नाम पर युवाओं से 15 से 20 हजार रुपये की वसूली की थी। इसके बाद इन युवाओं पर तरह-तरह से दबाव बनाकर चेन नेटवर्किंग का काम कराया जा रहा था। प्रत्येक छात्रा को चार-चार युवाओं को जोडने का टारगेट दिया गया था। टारगेट नहीं पूरा करने या नौकरी छोडने पर मारपीट तक की गई। कंपनी के चंगुल में 45 से अधिक लड़कियां, महिलाएं और लड़के फंसकर परेशान थे। अमर उजाला ने दो अगस्त के अंक में इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया था। खबर का संज्ञान लेकर पुलिस ने संस्था पर छापेमारी कर युवाओं को धन वापस करने की चेतावनी थी। इसके बाद भी संस्था ने धन वापस नहीं कर युवाओं को धमकाना जारी रखा। युवाओं ने इसे लेकर डीएम और एसपी से फिर गुहार लगाई। गुरुवार को शहर कोतवाली पुलिस ने एसपी के आदेश पर संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया। शहर कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रकरण गंभीर है। शहर कोतवाली पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दे दिए गए हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। त्रिवेणी सिंह एसपी
टारगेट न पूरा करने पर हो रही थी मारपीट
आजमगढ़। पीड़ित लड़कियों के मुताबिक रुपये जमा करने के बाद वह क्लास ज्वाइन करती हैं, लेकिन यहां किसी भी प्रकार की पढ़ाई नहीं होती। बल्कि सभी लड़कियों को फील्ड चेन मार्केटिंग के लिए भेज दिया जाता है। जिले के कोने-कोने में लड़कियां घूमकर अन्य लड़कियों को इस कंपनी से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनका नंबर लाती हैं। न लाने पर उनके साथ मारपीट की जाती है। फोन नंबर मिलने पर कंपनी के लोग उक्त लड़की से बात करते हैं। जरुरत पड़ने पर घर पहुंचकर जुड़ने के लिए प्रेरित करते हैं, काफी प्रयास के बावजूद जो नहीं जुड़ता। उसे खरीखोटी भी सुनाते हैं।