बरदह। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मिर्जाआदमपुर, कैथीशंकरपुर और अछिछी गांव में इन दिनों एक जंगली भेड़िये के देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
शुक्रवार से शुरू हुई यह हलचल अब भय का रूप ले चुकी है। वहीं वन विभाग का कहना है कि उसके द्वारा इसकी जांच की जाएगी।
शुक्रवार की सुबह 5 बजे अछिछी गांव की ओर से एक खूंखार जानवर को आते हुए देखा गया। उसके बड़े-बड़े पंजों के निशान के आधार पर मिर्जाआदमपुर के ग्रामीणों ने उसका पीछा करते हुए गांव के ही एक बगीचे में काफी देर तक तलाश की लेकिन जानवर नहीं मिला। शनिवार को फिर गांव के पोखरे के पास इसी जानवर को देखे जाने की बात सामने आई कुछ देर में वह फिर नजरों से ओझल हो गया। रात करीब 9:30 बजे, मिर्जाआदमपुर और कैथीशंकरपुर के पास स्थित रिंकू सिंह के मुर्गी फार्म के नजदीक किसी ग्रामीण ने जानवर को देखा।
सूचना मिलते ही लगभग 50 ग्रामीण इकट्ठा होकर जानवर का पीछा करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जानवर भेड़िए जैसा था, जिसकी लंबाई, ऊंचाई और चाल-ढाल किसी सियार से काफी बड़ी और अलग थी। पीछा करते समय उन्होंने देखा कि वह मुंह में एक मेमने को दबाए हुए था। ग्रामीणों किशन सिंह, रिंकू सिंह, अजीत सिंह, डब्लू सरोज, मोहित विश्वकर्मा, विनय सिंह और निहाल सिंह के मुताबिक वह भेड़िया है। ग्रामीणों ने इसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया है।
वन क्षेत्राधिकारी देवगांव निखिल द्विवेदी ने कहा कि जंगली जानवर के देखे जाने की सूचना हमें अभी तक नहीं मिली थी। अब जानकारी मिलते ही हमारी टीम को भेजकर मौके पर जांच कराई जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।