अतरौँलिया में वृद्ध की हत्या, मृतक के परिवार से पूछताछ करते उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर दिनेश कुमार म?
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के भीऊरा गांव में कूड़ा फेंकने के विवाद में वृद्ध की कुल्हाड़ी से मार कर हत्या के बाद मृतक के पुत्र की भी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना मे मृतक के पौत्र ने चार को नामजद किया है, जिसमें तीन की पुलिस ने गिरफ्तारी कर ली है, अभी एक हत्यारोपी फरार है। दिन दहाड़े हुई घटना से गांव में तनाव की स्थिति है। जिसे देखते हुए गांव में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
अतरौलिया के भीऊरा गांव में बुधवार की सुबह खेत में कूड़ा फेंकने से मना करने पर मनबढ़ों ने वृद्ध 75 वर्षीय अवधु पुत्र बेकारू की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी। वहीं बचाने के लिए पहुंचे पुत्र 60 वर्षीय रामरतन व पौत्र संतोष पर भी हमलावरों ने कुल्हाड़ी से हमला किया। पिता की मौत के बाद बेटे की भी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। वहीं घटना में पौत्र की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही तीन हत्यारोपियों विजई पुत्र हरिलाल, प्रमोद पुत्र हरिश्चंद्र तथा आकाश पुत्र विजई को गिरफ्तार कर लिया है। एक नामजद आरोपी श्रीकांत पुत्र हरश्चिंद्र अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। घटना से गांव में तनाव की स्थिति है। जिसे देखते हुए कुछ पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। वहीं घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का घर पर तांता लगा है।