सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली के देवपुर कमालपुर गांव में सोमवार की रात पिता-पुत्र में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। रात में ही वाराणसी में दाहसंस्कार कर दिया गया। मंगलवार को रिश्तेदारों ने आरोपी पुत्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए जीयनपुर कोतवाली पर तहरीर दी।
देवपुर कमालपुर गांव निवासी 60 वर्षीय रामधनी की छोटी पुत्री का विवाह पांच फरवरी को है। जिसे लेकर सोमवार की रात दस बजे उसकी किसी बात को लेकर पत्नी शारदा से कहासुनी हो गई। इस बीच इकलौता पुत्र चंदन भी मौके पर पहुंच गया। उसकी पिता से मारपीट हो गई। रामधनी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुत्र ही उसे लेकर रात में ही जिला अस्पताल पहुंचा। जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में रामधनी की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर रामधनी की बहनें जीयनपुर कोतवाली पहुंची और रामधनी के पुत्र के खिलाफ तहरीर दी। रामधनी को चार पुत्रियां व एक पुत्र हैं। पुत्री की शादी को लेकर खेत बेचने की बात को लेकर चंदन का पिता से अनबन बताया जा रहा है।