रौनापार थाना क्षेत्र के मऊ कुतुबपुर गांव निवासी जमालुद्दीन का शव मुंबई से घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। वहीं मृतक के पिता का आरोप है कि उनके पुत्र को पास के ही एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने जहर देकर मार दिया है, और शव का पोस्टमार्टम कराकर घर भेज दिया। पीड़ित पिता ने इसकी शिकायत रौनापार थाने में की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
रौनापार थाना क्षेत्र के मऊ कुतुबपुर गांव निवासी निजामुद्दीन ने बताया कि उनका पुत्र जमालुद्दीन गांव के ही पास स्थित एक गांव निवासी व्यक्ति के साथ महाराष्ट्र प्रांत के लातूर जिला में एक ट्रांसफार्मर कंपनी में कार्य करता था। दो दिन पूर्व उन्हें सूचना दी गई कि उनके पुत्र ने जहर खा लिया है। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में सनसनी फैल गई। उन्होंने कहा कि बेटे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने को कहा और वहां जाने की तैयारी में जुट गए। कुछ देर बाद फिर सूचना मिली कि उनके पुत्र जमालुद्दीन ने दम तोड़ दिया है। जिसका शव एंबुलेंस के माध्यम से घर भेज दिया गया। पीड़ित पिता निजामुद्दीन ने आरोप लगाया है कि कुछ पैसे के लेनदेन के संबंध में उसी ने उनके पुत्र को जहर देकर मार दिया है।