शहर के आराजीबाग से हीरा पट्टी जाने वाली सड़क का हाल।-प्लान खबर की फोटो
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। नगर क्षेत्र के हीरापट्टी मुहल्ले के लोग कई महीनों से रोड पर लगे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। वैसे तो यह मुहल्ला नगरपालिका में शामिल है लेकिन यहां सफाई कर्मी यदाकदा ही पहुंचते हैं। जिसका परिणाम है कि नाली का गंदा पानी बहकर सड़क पर जमा होता है। ठीक इसके बगल में ही एक विद्यालय भी है। जहां पढ़ने वाले बच्चे इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरते हैं।
आजमगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में कुल 25 मुहल्ले हैं। सबसे बुरा हाल इस समय नगर के हीरापट्टी मुहल्ले का है। इस मुहल्ले में नालियां वर्षों से जाम पड़ी हैं। सफाई कर्मी इक्का दुक्का ही इस मुहल्ले में नालियों की सफाई करने के लिए पहुंचते हैं। जनपद में 16 सितंबर को हुई मुसलाधार बारिश के बाद जहां निचले इलाके पानी में डूब गए। महीनों तक इन मुहल्ले के लोगों ने जलालत झेली। इसी दौरान हीरापट्टी गांव की ओर से जाने वाले रास्ते पर उदय मैरेज हाल के समीप सड़क पर भी पानी लगा। मुहल्लों कापानी तो लगभग एक महीने बाद हट गया लेकिन मैरेज हाल के समीप सड़क पर जमा पानी अभी तक हट नही सका है। घुटने भर पानी के बीच गाड़ियों से आवागमन करने वाले किसी तरह से गुजर जाते हैं लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी पैदल इस मार्ग से गुजरने वालों को होती है। इसका मुख्य कारण इस क्षेत्र की जाम नालियां है। नालियों की सफाई न होने के कारण नाली का गंदा पानी सड़क के ऊपर से होता हुआ यहां पहुंचता है। जिसके कारण यह पानी अब तक सूख नहीं सका है। जो लोगों की मुसीबत का सबब बना हुआ है। इस बात को लेकर क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त है।
मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं थी। मैं पीडब्ल्यूडी का जेई हूं नगरपालिका के निर्माण जेई का चार्ज भी मेरे पास है। अभी मैं डिप्टी सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों में लगा हुआ हूं। लेकिन मैं उस स्थान पर किसी न किसी को भेजता हूं जल्द ही इस समस्या का समाधान कराया जाएगा।-राहुल गुप्ता, जेई निर्माण नगर पालिका आजमगढ़।