सठियांव। द किसान सहकारी चीनी मिल सठियांव में आयोजित तीन दिवसीय किसान सट्टा प्रदर्शन पर्ची मेले के दूसरे दिन किसानों ने बकाया भुगतान के साथ बेसिक कोटा व खतौनी की पक्की नकल पर मुख्य गन्ना अधिकारी विनय प्रताप को खरीखोटी सुनाई।
चीनी मिल सठियांव मिल गेट परिक्षेत्र से गन्ना आपूर्ति के लिए तीन दिवसीय किसान मेले का आयोजन किया गया है। इसमें निर्धारित सप्लाई पर्ची, रकबा व अन्य गड़बड़ी पर आपत्ति ली जानी है। उसका निस्तारण मेले के बाद किया जाएगा। बुधवार को मेले में पहुंचे सरदारपुर के राम बदन ने सीसीओ से पूछा कि लेखपाल की कच्ची नकल पर सरकारी रजिस्ट्री होती है तो मिल वाले गन्ना आपूर्ति के लिए पक्की नकल क्यों मांग रहे हैं। हम कर्जा नहीं ले रहे हैं अपनी फसल को भी उधारी पर बेचने आए हैं। यह गलत है और इसमें सुधार होना चाहिए। गन्ना किसान नरसिंह ने गन्ना बकाया न मिलने पर मुख्य गन्ना अधिकारी से कहा कि हमें चीनी दे दें। अरुण कुमार ने कहा कि पिछले साल मिल चलने के एक महीने बाद बकाया मिला था। बुधवार को कुल 32 आपत्तियां दर्ज हुई। मुख्य गन्ना अधिकारी विनय प्रताप ने किसानों को भरोसा दिलाया कि पिछले सत्र से सबक लेते हुए इस बार किसानों को ज्यादा सुविधा देते हुए समय से गन्ना क्रय किया जाएगा। इस मौके पर बृजभान यादव, घनश्याम, देवनंदन, भोला, लालचंद गोड़ आदि उपस्थित थे।