आजमगढ़। किसानों की आय दोगुनी किए जाने के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए शासन की महत्वाकांक्षी योजना द मिलियन फार्मर्स स्कूल (किसान पाठशाला-4) का आयोजन की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। प्रथम माड्यूल 19 से 20 अगस्त, द्वितीय माड्यूल 24 से 25 अगस्त, तृतीय माड्यूल 27 से 28 अगस्त और चतुर्थ माड्यूल 31 अगस्त से एक सितंबर तक चलेंगे।
उप कृषि निदेशक डॉ. आरके मौर्य ने बताया कि चयनित ग्राम सभाओं में पाठशालाओं का संचालन प्रशिक्षित विभागीय और संवर्गीय ट्रेनरों की ओर से प्राथमिक पाठशाला और सार्वजनिक भवनों में किया जाएगा। पहले दिन कोरोना काल में कृषि कार्य को करते समय अपनाने वाली सावधानियां, मृदा स्वास्थ्य, खरीफ फसल प्रबंधन, विभिन्न योजनांतर्गत किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। दूसरे दिन कृषि उत्पादक संगठन, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, जीरो बजट खेती, यौगिक खेती, मूल्य संवर्धन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन के उपाय इत्यादि पर तकनीकी जानकारी दी जाएगी। किसानों से अपील की कि पाठशाला में प्रतिभाग कर खेती के अतिरिक्त मत्स्य, रेशम, पशुपालन, उद्यान और मंडी परिषद से संबंधित योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी लें। किसान पाठशाला के लिए विभागीय कार्मिकों को मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण 10 और 11 अगस्त को कृषि भवन में दिया जाएगा।