फरिहां। शाहगंज की ओर से आ रही साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन फरिहां रेलवे स्टेशन के निकट पहुंची ही थी कि उसके इंजन से एक भैंस कट गई। उसका शव इंजन में फंस जाने की वजह से ड्राइवर ने ट्रेन रोक दी। इस आपाधापी में करीब आधा घंटा तक ट्रेन लेट से रवाना हुई। लेटलतीफी के चलते यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अहमदाबाद से दरभंगा को जा रही ट्रेन मंगलवार की सुबह करीब 8.30 बजे फरिहां रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थी। तभी एक भैंस पटरी के बीचो-बीच आकर खड़ी हो गई। चालक की निगाह पड़ी तो उसने ट्रेन को रोकने का प्रयास किया लेकिन ट्रेन रुकते-रुकते भैंस को अपनी चपेट में ले लिया। भैंस का शव इंजन में आकर फंस गया। जिससे ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। चालक ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। मौके पर रेल कर्मचारी पहुंचे और काफी मशक्कत कर भैंस के शव को बाहर निकाला और ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना हो गई। इस बीच ट्रेन करीब आधे घंटे तक विलंब हो गई। वहीं लेटलतीफी के चलते यात्री भी परेशान रहे।