लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के उरदिहां गांव में मंगलवार को खेत में गन्ने की पत्ती जलाते समय जलकर झुलसे किसान को इलाज के लिए वाराणसी ले जाते समय दूसरे दिन बुधवार की शाम को मौत हो गई। पुलिस ने उसकी लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृत किसान अवधराज पटेल (60) रौनापार थाने के उरदिहां गांव का निवासी था। वह मंगलवार की दोपहर अपने खेत में गन्ने की पत्ती जला रहा था। इस दौरान आग लगने से वह झुलस गया था। परिवार के लोग अवधराज को सीएचसी हरैया में भर्ती कराए। हालत गंभीर देख डाक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बुधवार को उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से भी रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग अवधराज को वाराणसी ले जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। वह दो बच्चों का पिता था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।