शारदीय नवरात्र की अष्टमी पर परिवार दुर्गा पंडालों में दर्शन करने गया था। इसी दौरान चोरों ने मेंहनगर कस्बे के वार्ड नंबर तीन, संत कबीर नगर स्थित सूने मकान को निशाना बनाकर करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात चुरा लिए। देर रात परिवार लौटा तो घर का सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए।
वार्ड नंबर तीन निवासी सोनी चौहान पत्नी हरिबंश चौहान ने बताया कि वह परिजनों के साथ कस्बे के दुर्गा पंडालों में दर्शन करने गई थीं। घर में ताला लगा था। इसी का फायदा उठाकर चोर मकान के पीछे के रास्ते से अंदर घुसे और दरवाजे का ताला तोड़ दिया।
इसके बाद सूटकेस का ताला तोड़कर उसमें रखे एक मंगलसूत्र, कान का एक झाला, चार पायल और पांच बिछिया समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग निकले। उन्होंने बेटी की शादी के लिए मार्च से धीरे-धीरे जेवर जुटाए थे। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़िता ने मेंहनगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।