कोयलसा के पास उन लोगों ने पैसों के साथ परिजन को बुलाया था। महेंद्र के भाई की पत्नी 3.60 लाख नकद और 6.50 लाख के जेवरात लेकर वहां पहुंची तो स्कार्पियो सवार बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और कैश व जेवरात वाला बैग छीनकर फरार हो गए। शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस फर्जी एसओजी टीम की तलाश में जुट गई।
एसपी ने बताया कि अहरौला पुलिस ने मंगलवार रात गोसाईपुरा गांव के पास एक्सप्रेसवे अंडर पास पुलिया से चार लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में चारों ने अपना नाम राजेंद्र पाठक निवासी शिवरा थाना सिकरारा जिला जौनपुर, सूर्यभान गौतम निवासी बनकट थाना अहरौला, प्रहलाद मौर्य निवासी टाड़ा थाना बड़हलगंज जिला गोरखपुर व मनीष पाठक निवासी ठुकमुद्दीपुर थाना महराजगंज बताया। इनके पास से पुलिस ने 1.28 लाख नकद, 4.6 लाख के जेवरात, एक बंदूक, कारतूस, बाइक व स्कार्पियो बरामद किया।
पुलिस की पूछताछ में चारों ने बताया कि वे सीआईए के नाम से एजेंसी (वेबसाइट) चलाते हैं। इसके माध्यम से लोगों से संपर्क कर वसूली भी करते हैं। ये अपनी गाड़ी को पुलिस की तर्ज पर ही तैयार करते हैं। इसके साथ ही लोगों से खुद को पुलिस व प्रशासन का नजदीकी बताते हैं।
फर्जी एसओजी टीम का आजमगढ़ के अलावा अन्य जनपदों में भी नेटवर्क हो सकता है। इसका पता लगाने में पुलिस टीम जुटी हुई है। एसपी ने बताया कि इस फर्जी एसओजी टीम के अन्य सदस्यों का पता लगाने के साथ ही गिरफ्तारी की कवायद में टीम लगा दी गई है।