आजमगढ़ में पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया जो खुद को गृह मंत्रालाय का पीआरओ बता रहा था। आरोपी के पास से पुलिस ने दो फर्जी परिचय पत्र व एक मोबाइल बरामद किया है।
यूपी के आजमगढ़ में पुलिस ने गृह मंत्रालाय के फर्जी पीआरओ को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी आईडी कार्ड के माध्यम से अधिकारियों पर रौब गांठने का काम कर रहा था। उसका संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है। रोडवेज चौकी प्रभारी मधुसूदन चौरसिया व चौकी प्रभारी बदरका अश्वनी कुमार मिश्रा शुक्रवार देर शाम रोडवेज के पास मौजूद थे।
विज्ञापन
इस दौरान सूचना मिली कि परिसर में मौजूद एक व्यक्ति के पास फर्जी प्रेस व अधिकारियों के नाम के परिचय पत्र के साथ मौजूद है। अपने मोबाइल से जनता व विभिन्न जनपदों के उच्चाधिकारियों के पास फोन कर उनको रौब में लेकर मनचाहा काम कराने का दबाव बनाने के साथ ही पैसों की भी मांग करता है।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने उक्त संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम आलोक कुमार द्विवेदी निवासी परवईपुर थाना सरायलखंसी जिला मऊ बताया। इसके साथ ही पहले उसने खुद को गृह मंत्रालय का पीआरओ बताते हुए धौंस देने की भी कोशिश की। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया। उसने खुद को फर्जी होना स्वीकार किया।