आजमगढ़। जिला समाज कल्याण अधिकारी का फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर उनकी आईडी से परिचितों से रुपये की डिमांड कर रहा है। समाज कल्याण अधिकारी के भांजे ने तो बताए गए नंबर पर पेटीएम के जरिये 10 हजार रुपये भी भेजदिए। इसकी जानकारी होने पर समाज कल्याण अधिकारी ने तत्काल एसपी से इसकी शिकायत दर्ज कराई।
समाज कल्याण अधिकारी राजेश यादव अयोध्या के गौहनिया गांव के हैं। मंगलवार की रात किसी ने उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद उनके भांजे लवकेश, आज्ञा राम यादव, मित्र पंकज पटेल, उमेश यादव सहित अन्य कई लोगों को मैसेंजर से मैसेज भेज कर पैसे की जरूरत होने की बात कहते हुए रुपयों की डिमांड की। हैकर कुछ लोगों से पैसा मंगाने में भी सफल रहा। पंकज पटेल व उमेश यादव से मोबाइल नंबर 7662051228 पर पेटीएम के माध्यम से 3500 रुपये व आलोक रंजन से पांच हजार रुपये खाता नंबर 917662051228 में भेजने के लिए मैसेज किया। राजेश यादव के अहमदाबाद में रहने वाले भांजे लवकेश व आज्ञाराम यादव ने मैसेज पढ़ने के बाद दो बार में दस हजार रुपये एकाउंट में भेज भी दिया। देर रात फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से मिले पैसे की डिमांड के बारे कुछ लोगों ने जब राजेश यादव से फोन पर जानकारी ली तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल एसपी के समक्ष शिकायत दर्ज करायी। इसके साथ ही उन्होंने बेटी रितुल को इसकी जानकारी दी। बेटी ने मैसेंजर पर स्टेटस डाल कर सभी को सतर्क किया और फेसबुक अकाउंट डिलीट कर दिया।
महेंद्र सिंह नाम के एक व्यक्ति ने मेरा फेसबुक अकाउंट हैक कर फ्रेंड लिस्ट में शामिल मेरे दोस्तों व रिश्तेदारों से पैसे मांगे। भांजे ने तो 10 हजार रुपये हैकर द्वारा बताये गये खाते में भेज भी दिया है। मैंने इसकी शिकायत एसपी से कर दी है। - राजेश यादव, जिला समाज कल्याण अधिकारी, आजमगढ़।