आजमगढ़। निजामाबाद के मुस्लिम पट्टी गांव स्थित मंदिर से चोरी गई हनुमान जी की मूर्ति का कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अंबेडकर पार्क में बैठक की। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय का घेराव करते हुए मांगों का ज्ञापन सौंपा।
विश्व हिंदू महासंघ के अरुण सिंह साधू ने कहा कि मंदिर से चोरी हुई मूर्ति को अविलंब बरामद किया जाए और पास में हो रही कुर्बानी को तुरंत रोका जाए। जिला संयोजक हरिबंश मिश्रा ने कहा कि मंदिर पर बार-बार आघात पहुंचाया जा रहा है। पूर्व में राम जानकी मंदिर से लक्ष्मण जी की मूर्ति चोरी हुई थी, उसका अभी पता नहीं चल सका। जिलाध्यक्ष सदानंद सिंह ने कहा कि मंदिर से हिंदू आस्था जुड़ी हुई है। ग्रामीणों की आस्था से खेलने वालों को हिंदू युवा वाहिनी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मौके पर विनोद सोनकर, हरिओम सिंह, डा. सत्यप्रकाश, सुधाशंकर राय, रामसकल चौहान, मिथिलेश चौरसिया, जगदंबा उपाध्याय, दिनेश चौहान, बृजेश राजभर, दिनेश कुमार, रविंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।