निजामाबाद में सामांय सुविधा केंद्र इस पुरानी बिल्डिंग में बनाया जायेगा।
- फोटो : AZAMGARH
निजामाबाद। ओडीओपी योजना के तहत जनपद से चयनित निजामाबाद में यूपी एसआईसी द्वारा सामान्य सुविधा केंद्र का निर्माण किया जाना है। निर्माण शुरू करने के लिए शनिवार को कार्यदायी संस्था यूपी एसआईसी के जेई रचित द्वारा निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया।
नगर निजामाबाद के हुसैनाबाद मोहल्ले के प्रजापति परिवार के 100 घर के लोग ब्लैक पॉटरी मिट्टी के बर्तन बनाते हैं। कुछ परिवार के लोग विश्व में महारत हासिल कर चुके हैं। दो राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त और दर्जनों राज्य दक्षता पुरस्कार प्राप्त हस्तशिल्प कलाकार निजामाबाद में हैं। निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी ओडीओपी में चयनित होने के बाद परवान चढ़ती जा रही है। सरकार द्वारा निजामाबाद में एक बड़े भूखंड राजकीय चीनी पात्र उद्योग केंद्र की स्थापना के लिए उद्योग विभाग को जमीन आवंटित की। लगभग डेढ़ सौ परिवारों को भूखंड भी आवंटित किया गया। भूखंड के ठीक बगल में सामान्य सुविधा केंद्र के लिए शासन द्वारा एक पुरानी बिल्डिंग का चयन किया गया है। जिसकी मरम्मत की जिम्मेदारी यूपी एसआईसी को सौंपी गई है। शनिवार को कार्यदायी संस्था के जेई रचित कुमार मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। उनके द्वारा ब्लैक पॉटरी कलाकारों से बातचीत भी की गई। उपायुक्त उपायुक्त उद्योग प्रवीन मौर्य ने बताया कि कार्यदायी संस्था को जल्द कार्य शुरू करना है। इसके लिए उसके जेई रचित कुमार निरीक्षण को आए थे। उम्मीद है कि एक दो दिन में कार्य शुरू हो जाएगा।