स्वगणना को लेकर हरिऔध कला केंद्र में प्रशिक्षण। श्रोत-सूचना कार्यालय
आजमगढ़। जनगणना 2027 के तहत संचालित स्व गणना अभियान रविवार अवकाश के दिन भी पूरी सक्रियता के साथ जारी रहा। डिजिटल स्व गणना रथ गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक लगातार गतिशील रहा, जिसके चलते एक ही दिन में 20 हजार परिवारों ने डिजिटल माध्यम से अपनी स्व गणना दर्ज कराई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जनपद ने अब तक कुल 2 लाख 20 हजार स्व गणना का आंकड़ा पार कर लिया है।
इसी के साथ आजमगढ़ लगातार चौथे दिन भी प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। प्रशासन ने इसे जनसहभागिता, प्रभावी रणनीति और टीमवर्क का परिणाम बताया है।
यह उपलब्धि प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना तथा जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह के निर्देशन में प्राप्त हुई। अधिकारियों के पर्यवेक्षण, विभागीय समन्वय एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से अभियान को लगातार गति मिल रही है। प्रशासन द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न थीम आधारित कार्यक्रमों, विभागीय सहयोग और डिजिटल माध्यमों के जरिए नागरिकों को स्वयं अपनी जनगणना दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।