आजमगढ़। बुधवार की सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश बृहस्पतिवार की देर शाम तक जारी रही। इस दौरान लोग जहां जल जमाव से परेशान हुए तो वहीं बिजली की कटौती ने भी लोगों को रूला दिया। बरसात की शुरूआत के साथ ही बिजली विभाग की पोल भी खुल कर सामने आ गई। लचर व्यवस्था व जर्जर पोल व तार ने ऐसा दगा दिया कि बरसात शुरू के बाद से ठप हुई बिजली कई क्षेत्रों में 24 घंटे बाद भी चालू नहीं हो सकी है।
झमाझम बरसात की शुरूआत होते ही विभाग ने बत्ती गुल कर दी। इसके बाद बारिश बंद होने पर जब सप्लाई चालू की गई तो सप्लाई फाल्ट की भेंट चढ़ गई। क्योंकि लगातार हो रही बरसात से कई जगहों पर तार टूट कर गिर गए थे तो वहीं कई खंभे भी गिर गए थे। ज्यादातर खंभों में करंट उतर रहा था। बदरका सब स्टेशन से जुड़े क्षेत्रों में ज्यादा फाल्ट रहा। पीने के पानी की किल्लत न हो इसके लिए विभाग की तरफ से व्हाट्सएप ग्रुप में यह मैसेज भी प्रसारित करा दिया गया कि जब भी लाइट आए पानी की टंकी मोटर चला कर भर लें, क्योकि बरसात के चलते फाल्ट हो रहा है। शहर से बुरा हाल ग्रामीणांचल में देखने को मिला। ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार की सुबह से ठप हुई बिजली अब तक बहाल नहीं की जा सकी है।
बिजली से केबल ब्लास्ट, ठप हुई बिजली
बिंद्रा बाजार। विद्युत सब स्टेशन छाऊ पर बुधवार की रात आठ बजे आकाशी बिजली हाईडिल परिसर में गिरी, जिससे केबल ब्लास्ट कर गई। केबल ब्लास्ट हो जाने से सब स्टेशन से जुड़े बेलऊ, बिसया, बसिरहा, गंभीरपुर, उत्तरगांवा समेत लगभग 15 गांव की बिजली गुल हो गई। बरसात के इस मौसम में बिजली न होने से लोग को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत सबस्टेशन के जेई राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि केबल ब्लास्ट होने की वजह से सप्लाई बाधित हुई है आजमगढ़ से इंजीनियर आ रहे हैं जल्द से जल्द सप्लाई शुरू हो जाएगी।