निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा कस्बे में रविवार की देर रात सड़क पार कर रहे फरिहा निवासी मातादीन यादव (65) की डीसीएम की टक्कर से मौत हो गई।
मातादीन यादव का मकान फरिहा-सरायमीर मुख्य मार्ग पर ईदगाह के पास स्थित है। रविवार देर रात वह किसी काम से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों की मदद से घायल मातादीन को उपचार के लिए आजमगढ़ स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद देर रात उनकी मौत हो गई। सूचना पर निजामाबाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल डीसीएम और उसके चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।