ईद के मौके पर गुरुवार को ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ ईद मनाई गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। नए कपड़ों में इत्र की खुशबू बिखेरते बच्चे, युवा और बुजुर्गों में गजब का उत्साह देखा गया। नमाज अदा होते ही शुरू हुआ बधाइयों का दौर पूरे दिन चलता रहा।
रोज खाली रहने वाला नगर का बदरका ईदगाह गुरुवार को पूरी तरह से भरा नजर आया। नमाज के समय आठ बजे से पूर्व ही लोग ईदगाह पहुंचने लगे थे। ईदगाह के चारो ओर पुलिस और पीएसी के जवानों की व्यापक तैनाती थी। ईदगाह के गेट पर विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा लोगों को बधाई देने के लिए बैनर लगाए थे। बाहर निकलने पर जिलाधिकारी सुहास एलवाई, एसपी अजय कुमार साहनी और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को गले लगाकर ईद की बधाई दी।
सेवइयों की मिठास लेने को हर कोई आतुर दिखा। सबसे ज्यादा खुशी छोटे बच्चों में देखने को मिली। बच्चों में ईद से ज्यादा नए कपड़े को लेकर उत्साह दिखा। इस दौरान युवाओं ने फिल्म का भी लुत्फ उठाया। सबसे ज्यादा रुझान लोगों का सलमान खान ने फिल्म सुल्तान को लेकर देखने को मिला। इसके साथ ही सिधारी और बदरका स्थित ईदगाह में भी ईद की नमाज अदा की गई।