अहरौला के श्री शंकर जी इंटर कॉलेज कटवा गहजी में हीरक जयंती समारोह के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्य
श्री शंकर जी इंटर कॉलेज कटवा गहजी के तीन दिवसीय हीरक जयंती समारोह के दूसरे दिन बुधवार को शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य अतिथि पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के पूर्व कुलपति प्रो. राजाराम ने कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जो अभाव दूर करे।
मानव जीवन दुर्लभ है, इसलिए संकट से घबराने के बजाय धैर्य और साहस के साथ आगे बढ़ना चाहिए। अवसाद में आकर आत्महत्या करना किसी समस्या का समाधान नहीं है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में 26 हजार से अधिक परिषदीय विद्यालय बंद हो चुके हैं। शिक्षा नीति में सुधार की जरूरत है। सेमेस्टर प्रणाली से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और अभिभावकों को परेशानी हो रही है।
इसके स्थान पर वार्षिक परीक्षा प्रणाली लागू की जानी चाहिए। उन्होंने शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शिव और मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ। प्रबंधक डॉ. अशोक सिंह और प्रधानाचार्य प्रवीण सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक भगवती सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार गुप्ता और दैवज्ञ मुन्ना बाबा ने भी विचार रखे।
छात्राओं और कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। फरुवाही लोकनृत्य विशेष आकर्षण रहा। संचालन डॉ. दिनेश सिंह और दूरदर्शन उद्घोषक अमित मिश्रा ने किया। इस मौके पर सुरेश यादव, आनंद सिंह, भगवान सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य रमेश सिंह और दशरथ तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।