आजमगढ़। श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और अभिभावकों को नियमित नामांकन के प्रति जागरूक करना था। रैली का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सोनी ने हरी झंडी दिखाकर किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे, इसके लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। विद्यालय के प्रबंधक मनीष रत्न अग्रवाल ने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला है।
एनसीसी छात्राओं के नेतृत्व में निकली रैली में शिक्षिकाओं, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तथा मिड-डे-मील रसोइयों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने ‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’, ‘बच्चों को जरूर पढ़ाएंगे’ तथा ‘हर बच्चा स्कूल जाए, शिक्षित भारत का सपना साकार बनाए’ जैसे नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान के माध्यम से क्षेत्र के अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करने का संदेश दिया। संवाद