देवगांव कोतवाली क्षेत्र के जिवली मोड़ के पास मंगलवार को कार से बरामद हुई 14 देशों की विदेशी मुद्राओं को एसडीएम लालगंज ने देर रात कोषागार में जमा करवा दिया। बुधवार को आयकर अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए लोगों से दुबारा पूछताछ की पर वे किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंचे।
पूरे मामले की जांच के लिए एसपी ने प्रवर्तन निदेशालय को रिपोर्ट भेज दी है। ईडी की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि रकम वैध है या अवैध। उधर, मामला ईडी को सौंपे जाने के बाद पुलिस ने हिरासत में रखे गए तीनों लोगों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चल रहे चेकिंग अभियान में मंगलवार को जिवली मोड़ पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। आजमगढ़ से वाराणसी की ओर जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार की तलाशी में 8731767 रुपये की14 देशों की मुद्राएं बरामद हुईं। यह रकम लेकर जा रहे मेंहनगर थाना क्षेत्र के भरसारी गांव निवासी कमलेश पाल, इसी थाने के पलिया छावनी गांव निवासी अंकित पांडेय और बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी ओमप्रकाश राय ने पूछताछ में बताया कि वे यूएई नामक कंपनी के वाराणसी स्थित कार्यालय में काम करते हैं।
यह कंपनी विदेशी मुद्रा बदलने का काम करती है। यह लोग कंपनी की रकम लेकर वाराणसी जा रहे हैं। कर्मचारियों के पास से कोई अधिकृत दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस इन्हें हिरासत में ले लिया। मंगलवार की देर रात आयकर अधिकारी थाने पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। बाद में एसडीएम लालगंज के नेतृत्व में कोतवाल देवगांव मुनीष चौहान ने पूरी रकम कोषागार में जमा करवा दी।
बुधवार को आयकर अधिकारी पुन: थाने पहुंचे व कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की लेकिन वे किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सके। ऐसे में अब यह जांच प्रवर्तन निदेशालय को करने की रिपोर्ट भेजी गई है। कोतवाल देवगांव मुनीष चौहान ने बताया कि विदेशी मुद्रा के संबंध में कोई ठोस नतीजा न निकलने पर कंपनी के कर्मचारियों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पकड़ी गई विदेशी मुद्राओं को पुलिस संदिग्ध मान रही है। आयकर अधिकारी भी किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सके। पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय को करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। वही लोग तय करेंगे कि यह धन वैध या अवैध तरीके से ले जाए जा रहे थे। - शकील अहमद खां, प्रभारी एसपी/एसपी सिटी