जिले में एक बार फिर ईडी टीम ने दस्तक दिया है। हालांकि इसकी पुष्टि जिले का कोई जिम्मेदार नहीं कर रहा है। फिर भी यह चर्चा जोरों पर है कि देवगांव कोतवाली क्षेत्र के चेवार डोमनपुर गांव निवासी एक ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के घर पर टीम ने छापेमारी की कार्रवाई किया है। ईडी की इस कार्रवाई से गांव में सियापा छाया हुआ है। इसके पीछे कारण सफेदपोश का दबंग होना बताया जा रहा है। गांव वाले दबी जुबान टीम के आने की बात तो कह रहे है लेकिन इससे ज्यादा कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। वहीं जिले के अधिकारी भी इस बात पर पूरी तरह से चुप्पी साधे हुए हैं।
ईडी की टीम शुक्रवार की भोर में दो गाड़ियों से चेवार डोमनपुर गांव निवासी ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के घर पर धमकी थी। एक से डेढ़ घंटे के बाद यह टीम घर से किसी को लेकर चली गई। चर्चा तो इस बात की है कि टीम उनको ही पकड़ कर ले गई है। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक भारत सरकार लिखी गाड़ियों से ईडी की टीम पुन: गांव में पहुंची और देर शाम तक तलाशी अभियान चलता रहा। इतना ही नहीं सूत्र तो यह भी बताते है कि सफेदपोश के चेवार स्थित आवास के साथ ही उसके मुंबई व वाराणसी स्थित आवासों पर भी ईडी की टीम की दबिश चल रही है। पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है लेकिन सफेदपोश के दबंग होने के चलते कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।