मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुड़ी बाजार में बुधवार देर रात वाहन की चपेट में आने से नगर कोतवाली क्षेत्र के मुकेरीगंज निवासी ई-रिक्शा चालक सलीम (28) की मौत हो गई। वह सठियांव से ई-रिक्शा चलाकर घर लौट रहा था।
विज्ञापन
जमुड़ी बाजार में ई-रिक्शा खड़ा कर सामान खरीदने के लिए सड़क पार कर दुकान पर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तलाशी ली। इस दौरान मिले मोबाइल नंबर से परिजनों को सूचना दी। सलीम ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। थाना प्रभारी शशि चंद चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।