नगर के डीएवी कालेज में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच छात्रसंघ चुनाव संपन्न हुआ। छात्र संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव दुर्गेश यादव ने जीता। जबकि उपाध्यक्ष पद पर सुजीत गोंड ने कब्जा जमाया।
महामंत्री पद पर मनीष कुमार रवि, संयुक्त मंत्री पद पर चंदन चौधरी, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर जूही श्रीवास्तव और वाणिज्य संकाय पद पर आकाश वर्मा निर्वाचित हुए। कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए अभिषेक तिवारी निर्विरोध चुने गए।
छात्रसंघ चुनाव के लिए डीएवी पीजी कालेज में गुरुवार की सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हुआ, जो अपराह्न तीन बजे तक चला। कालेज में कुल छात्रों की संख्या 4186 है। इसमें से 2648 ने मतदान किया।
करीब आधे घंटे बाद साढ़े तीन बजे से मतगणना का कार्य शुरू हुआ। मतगणना का कार्य समाप्त होने के बाद आए चुनाव परिणामों की घोषणा चुनाव अधिकारी डा. सुचिता श्रीवास्तव ने किया। जिसमें अध्यक्ष पद के उम्मीदवार दुर्गेश यादव 1036 मत प्राप्त किया। जबकि प्रतिद्वंद्वी सिद्धार्थ यादव को 927 मत मिले।
इस प्रकार दुर्गेश यादव 109 मतों से चुनाव जीत गए। अध्यक्ष पद के तीसरे उम्मीदवार किशन यादव को महज 327 मत मिले। वे तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह से उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुजीत गोंड़ 969 मत प्राप्त कर चुनाव जीते। दूसरे नंबर पर मानवेंद्र सिंह मोनू को 875 मत मिले। विज्ञान संकाय में जूही श्रीवास्तव 339, वाणिज्य संकाय पद के उम्मीदवार आकाश वर्मा 234 वोट पाकर विजयी हुए।
कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए अभिषेक तिवारी निर्विरोध चुने गए।