अहरौला के बस्ती भुजबल पंडरी निवासी मृत युवक सौरभ सिंह की।-फाइल फोटो
- फोटो : AZAMGARH
भअहरौला। गोपालपुर बाजार में मंगलवार की देर रात को नशे में धुत चार दोस्तों ने लाठी-डंडे से पीटकर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। लोग अपनी-अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गए। घटना के संबंध में मृत युवक के पिता ने चार लोगों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस केस दर्ज कर सच का पता लगाने के लिए बाजार के कुछ दुकानदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उधर घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए हैं। उनकी तलाश की जा रही हैं।
मृत युवक सौरभ सिंह (22) पुत्र प्रदीप सिंह अहरौला थाना क्षेत्र के बस्ती भुजबल गांव का निवासी था। तीन भाईयों में दूसरे नंबर का सौरभ घर पर ही रहता था। वह मनबढ़ किस्म का था। उसके नाम से क्षेत्र में दहशत थी। मंगलवार की शाम सौरभ घर से किसी दोस्त के यहां शादी में जाने की बात कहकर निकला था। गोपालगंज बाजार में उसके गांव के राजू गुप्ता, अनिल गुप्ता, बगल वाले गांव विषईपुर के मनोज मौर्य और पैढ़िया गांव निवासी रिक्की सिंह मिल गए। सभी ने एक साथ बाजार में एक दुकान के बाहर शराब मंगाकर पी। इसी दौरान रात करीब साढ़े आठ बजे किसी बात को लेकर सौरभ और उसके दोस्तों के बीच विवाद हो गया और सौरभ के दोस्त उस पर लाठी-डंडा से हमला बोलकर पीटने लगे। बाजार में घटना होने से भयभीत लोग अपनी-अपनी दुकानों का शटर गिराकर भाग निकले। कुछ ही देर में पूरा बाजार बंद हो गया। खून से लथपथ सौरभ सड़क के किनारे जमीन पर तड़प रहा था। उसके सभी साथी भी भाग निकले। जानकारी मिलने पर सौरभ के परिवार के लोग पहुंचे और उसे लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां परीक्षण कर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आपसी विवाद के चलते मारपीट हुई। चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों में रिक्की सिंह पेशेवर बदमाश है। शक के आधार पर कुछ दुकानदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।