आजमगढ़। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के यूनिफार्म वितरण में गोलमाल जारी है। विद्यालय के हेडमास्टर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से ड्रेस न सिलाकर बच्चों को रेडिमेड यूनीफार्म वितरित कर रहे हैं। जांच में दोषी पाए जाने के बाद डीसी एनआरएलएम ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई करने की संस्तुति करते हुए बीएसए को रिपोर्ट भेजी थी। बीएसए अम्बरीष कुमार ने मामले की जांच अपने स्तर से कराने की बात कही है।
उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) बीके मोहन ने विकास खंड बिलरियागंज के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय जिगना करनमपुर का निरीक्षण में यूनिफार्म वितरण की जानकारी ली। उन्हें पता चला कि क्षेत्र की आठ समूह की महिलाओं से यूनीफार्म न सिलवाकर तहबरपुर के कोइनहा बाजार की एक दुकान से यूनिफार्म खरीदकर 168 बच्चों में वितरित किया गया है। जिसकी सिलाई की कीमत लगभग 20 हजार रुपये होती है। सिलाई का कोटेशन भी जमा नहीं किया गया। इस प्रकार जिला प्रबंधक समिति के निर्णय का 100 प्रतिशत उल्लंघन किया गया है। इसलिए प्रधानाध्यापक वंदना राय के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।