कस्बे के इंदरानगर और सुभाषचंद्र बोस मार्ग पर इन दिनों नगर पंचायत द्वारा नाली के चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा दोयम दर्जे की ईंट और घटिया मसाले का इस्तेमाल किए जाने से नाराज मुहल्लेवासियों ने मंगलवार को मौके पर पहुंचकर कार्य को रोक दिया। लोगों ने नगर पंचायत निजामाबाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
बता दें कि आदर्श नगर पंचायत द्वारा निजामाबाद के वार्ड नंबर 11 इंदिरानगर और वार्ड नंबर पांच सुभाषचंद्र बोस नगर में नाली को ऊंचा और चौड़ा करने का कार्य कराया जा रहा है। नगर पंचायत द्वारा चयनित ठेकेदार द्वारा नाली निर्माण में सेमा ईंट और 17-1 के अनुपात में तैयार मसाले से निर्माण कराया जा रहा था। कार्यों में धांधली देख लोग उत्तेजित हो गए और मौके पर पहुंचकर कार्य को रोक दिया। लोगों ने नगरपंचायत के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। लोगों ने जोड़ी गई ईंटों को उखाड़ दिया।
ईओ राजपूत अभिचल ने कहा कि अगर ठेकेदार द्वारा गलत सामान लगाया गया है तो उसकी जांच की जाएगी। इस दौरान सभासद मोहम्मद शाबिर, नौशाद अहमद, अब्दुल रहमान, लाले मौर्या, एहसान कुरैशी, नंदलाल प्रजापति, बंशू प्रजापति, शशि मोदनवाल आदि उपस्थित थे।