जहानागंज। विकास खंड जहानागंज के कोल्हुखोर गांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार की सुबह 9 बजे तक कोई डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं था, जिसके कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस भरी गर्मी में सुबह-सुबह इलाज के लिए पहुंचे मरीज और उनके परिजन धूप में इंतजार करने को मजबूर रहे।
सीएचसी पर चार डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, दो वार्ड बॉय, छह स्टाफ नर्स और दो लैब टेक्नीशियन कार्यरत हैं, लेकिन समय का पालन नहीं हो रहा है। अस्पताल का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक है, फिर भी प्रतिदिन 150 से 170 मरीजों वाले इस केंद्र पर डॉक्टरों की अनुपस्थिति से मरीजों को निराशा हाथ लग रही है। चिकित्सकों की इस लापरवाही से प्राइवेट और झोला छाप चिकित्सकों की चांदी कट रही है। जब इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ. कुशल नंदन से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मंगलवार को टीकाकरण का दिन होने के कारण डॉक्टर ऊपरी कार्यों में व्यस्त हो सकते हैं।