विवेचना के दौरान बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि महिला को गोली मारने वाले बुढ़ऊ बाबा मंदिर के पास हैं। पुलिस पहुंची तो वहां महिला का पति डॉ. राहुल, धर्मेंद्र व जुगुनू आपस में मंत्रणा कर रहे थे। उनके पास से तमंचा, कारतूस और 20 हजार रुपये बरामद हुए। तीनों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की तो साजिश खुल गई।
राहुल अजमतगढ़ में क्लीनिक चलाता है जहां उसका एक लड़की से प्रेम संबंध हो गया था। पत्नी रीना को रास्ते से हटाने के लिए उसने पड़ोसी से विवाद का फायदा उठाने की योजना बनाई। धर्मेद्र व जुगनू को एक लाख रुपये की सुपारी देकर पत्नी की हत्या और उसके आरोप में पड़ोसियों को फंसाने की साजिश रची थी।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि महिला को गोली मारने के आरोप में पकड़ा गया शूटर धर्मेंद्र हिस्ट्रीशीटर है। उसकी जीयनपुर कोतवाली में हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उस पर 18 से ज्यादा मुकदमे हैं। पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी और मामले के खुलासे करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की संस्तुति की है।
गोली लगने से घायल पत्नी रीना का इलाज वाराणसी में चल रहा है। उसे बांह और पेट में गोली लगी थी। वारदात के बाद पति ही मौके पर पहुंचा था और रीना को कार में लाद कर जिला अस्पताल पहुंचाया था। घटना के बारे में वो बार-बार पड़ोसियों से भूमि विवाद की बात कहता था। बुधवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया तो पत्नी समेत अन्य परिजन हैरान रह गए।