आजमगढ़। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक की। इसमें डीएम ने उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि एक जोन में 5-6 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सभी जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ दूरस्थ क्षेत्रों के सेक्टर मजिस्ट्रेट को भी हैंडसेट दिए जाएंगे ताकि चुनाव के पल-पल की जानकारी मिलती रहे। कहा कि इस चुनाव में वोटिंग का प्रतिशत ज्यादा होता है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें कि पोलिंग सेंटर पर भीड़ न लगे। मतदान केंद्र के दो सौ मीटर की परिधि में भीड़ नहीं रहेगी केवल मतदाता ही रहेंगे। प्रत्याशियों के बस्ते भी केंद्र से दौ सौ मीटर दूर रहेंगे और उनके बस्ते के पास केवल दो लोग ही रहेंगे।डीएम ने कहा कि मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। यदि पांच बजे भीड़ ज्यादा है तो मतदाताओं की लाइन लगाकर सबसे आखिरी व्यक्ति से टोकन नंबर दिया जाएगा और सभी टोकन प्राप्त करने वाले मतदाताओं की वोटिंग कराई जाएगी। इसके बाद आने वाले मतदाताओं की वोटिंग नहीं होगी। कहा किसी भी प्रत्याशी को मतदाताओं को ढोने के लिए वाहन की अनुमति नहीं रहेगी। सभी वोटर पैदल मत देने आएंगे यदि किसी के पास वाहन है और वह अपने परिवार के साथ अपने निजी वाहन से आता है तो दो सौ मीटर की परिधि के बाहर ही पार्किंग करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर लें। यह सुनिश्चित कर लें कि मतदान केंद्र तक वोटरों के आने वाले रास्ते, पानी ,शौचालय और विद्युत की व्यवस्था है कि नहीं। केंद्र पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रहना चाहिए, लालटेन या चार्जर मतदान केंद्र पर जरूर रहे। यदि इसकी व्यवस्था नही है तो संबंधित सेक्रेटरी या खंड विकास अधिकारी से संपर्क करके समस्या से अवगत कराएं। कोई भी पोलिंग पार्टी मतदान केंद्र पर किसी भी उम्मीदवार का आतिथ्य स्वीकार नहीं करेगी। प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय पर रसोइये भोजन बनाएंगे। खाद्य सामग्री पर जो भी व्यय आएगा सभी लोग भुगतान करेंगे। इस मौके पर सीडीओ महेंद्र वर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व बृजेश कुमार, एएसपी यातायात हफीजुर्रहमान, समस्त जोनल मजिस्ट्रेट और समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित हुए।