जिले में वर्ष 2014-15 से 2016-17 तक निर्मित होने वाले शौचालयों के अपूर्ण मिलने पर जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने 77 गांवों के प्रधानों और सचिवों को एक पखवाड़े में अपूर्ण शौचालयों की धनराशि को जमा करने का निर्देश दिया है।
प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के लिए जिले में 2014 से 17 तक शौचालय निर्माण के लिए ग्राम पंचायतों के खाते में धन भेजा गया। लेकिन इनकी जांच में 22 ब्लाकों की 77 ग्राम पंचायतों में कुल 4676 शौचालयों का निर्माण अधूरा मिला।
इन अपूर्ण शौचालयों की कुल धनराशि पांच करोड़ 61 लाख 1200 रुपये होती है। डीएम ने प्रधानों और सचिवों को नोटिस जारी कर एक पक्ष में अपूर्ण शौचालयों की सारी धनराशि को जमा करने का निर्देश दिया। साथ ही इनके द्वारा धनराशि न जमा करने पर राजस्व की भांति वसूली करने का निर्देश भी दिया है। उनके इस निर्देश पर जिला पंचायत राज कार्यालय की ओर से समस्त ग्राम प्रधानों और सचिवों को नोटिस जारी की जा चुकी है।
विगत तीन वर्षों में शौचालय निर्माण के लिए इन ग्राम सभाओं के खाते में धनराशि भेजी गई थी। जब शौचालयों के पूर्णता की जांच की गई तो 77 गांवों में कुल 4676 शौचालय अपूर्ण पाए गए। इस रिपोर्ट को जिलाधिकारी को सौंपा गया। जिस उन्होंने इन गांवों के ग्राम प्रधान और सचिवों से शौचालय की धनराशि की वसूली का निर्देश दिया है। जिसके तहत सबको नोटिस जारी की जा रही है। -अभिषेक सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी।
जिले में ब्लॉकवार अपूर्ण शौचालयों की स्थिति
आजमगढ़। ब्लॉकवार अपूर्ण शौचालयों में अहरौला ब्लॉक की चार ग्राम पंचायतों में 181, अतरौलिया की तीन ग्राम पंचायतों में 132, अजमतगढ़ की पांच ग्राम पंचायतों में 278, बिलरियागंज की तीन ग्राम पंचायतों में 96, हरैया की पांच ग्राम पंचायतों में 426, जहानागंज की चार ग्राम पंचायतों में 164, कोयलसा की दो ग्राम पंचायतों में 61, लालगंज की एक ग्राम पंचायत में 34, महराजगंज की दो ग्राम पंचायतों में 412, मार्टीनगंज की तीन ग्राम पंचायतों में 101, मेंहनगर की दो ग्राम पंचायतों में 112, मिर्जापुर की तीन ग्राम पंचायतों में 313, मुहम्मदपुर के चार ग्राम पंचायतों में 113, पल्हना की दो ग्राम पंचायतों में 108, पल्हनी की पांच ग्राम पंचायतों में 436, पवई की दो ग्राम पंचायतों में 259, फूलपुर की तीन ग्राम पंचायतों मेछं 174, रानी की सराय की सात ग्राम पंचायतों में 307, सठियांव की दो ग्राम पंचायतों में 23, तहबरपुर की आठ ग्राम पंचायतों में 559, तरवां की पांच ग्राम पंचायतों में 372 और ठेकमा की दो ग्राम पंचायतों में 15 शौचालय अपूर्ण हैं।