आजमगढ़। ई ग्रेड, डी ग्रेड एवं सी ग्रेड प्राप्त विभागों के अधिकारी 20 मार्च के अंदर ग्रेडिंग व रैंकिंग में सुधार लगाए। यदि समय रहते सुधार नहीं लाएंगे तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। उक्त निर्देश जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैश बोर्ड पोर्टल के आधार पर विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए।
डीएम ने ई ग्रेड, डी ग्रेड एवं सी ग्रेड प्राप्त विभागों के अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 20 मार्च तक प्रत्येक दशा में संबंधित विभाग के अधिकारी ग्रेडिंग एवं रैंकिंग में सुधार लाएं। लगातार दुग्ध विकास विभाग की रैंकिंग में गिरावट आने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि तत्काल दुग्ध मूल्य भुगतान एवं सहकारी दुग्ध समितियां का गठन कर ग्रेडिंग एवं रैंकिंग में सुधार लाएं। डीएम ने बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों के निरीक्षण में प्राप्त ग्रेडिंग एवं रैंकिंग को सुधारने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग पूर्व दशम छात्रवृत्ति के प्राप्त आवेदनों का निस्तारण कर विभाग की ग्रेड एवं रैंकिंग में सुधार लाएं।
डीएम ने समस्त विभागों को निर्देश दिए की किसी भी दशा में विभाग की ग्रेडिंग एवं रैंकिंग में गिरावट नहीं होनी चाहिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डिप्टी डायरेक्टर कृषि, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशासी अभियंता सेतु निगम व जिला उद्यान अधिकारी सहित आदि उपस्थित थे।