आजमगढ़। रोडवेज डिपो की बसों में दिव्यांग यात्रियों के लिए निशुल्क यात्रा की नई व्यवस्था लागू की गई है। अब फ्री यात्रा का लाभ लेने के लिए दिव्यांग यात्रियों को स्मार्ट कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बिना मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी।
एआरएम अजय सिंह ने बताया कि अब केवल 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को ही इस सुविधा का लाभ दिया जाएगा। वहीं, 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले यात्रियों के साथ एक सहायक को भी निशुल्क यात्रा की अनुमति दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत अब दिव्यांगता प्रमाणपत्र की फोटो कॉपी दिखाकर मुफ्त यात्रा नहीं की जा सकेगी। स्मार्ट कार्ड में यूडीआईडी नंबर के साथ आधार और पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज रहेगा। बस में लगे इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन (ईटीएम) में कार्ड स्वैप करने पर यूडीआईडी नंबर स्क्रीन पर दिखेगा और पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद परिचालक यात्री को गंतव्य तक का टिकट जारी करेगा, जिसमें किराया शून्य दर्ज रहेगा। परिवहन निगम की इस पहल को पारदर्शिता और तकनीकी सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।