जहानागंज। विकास खंड जहानागंज के बोहना के रहने वाले दिव्यांग दंपत्ती अपनी मांग को लेकर सोमवार यानी आज डीएम कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठेंगे। आरोप है कि खुली बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद भी उन्हें सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान नहीं दी गई। आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा कोटे का चयन करने के लिए घूस मांगा जा रहा है। जबकि खुली बैठक में प्रस्ताव पास हो चुका था बावजूद इसके कोटे का चयन नहीं किया गया।
दिव्यांग दीनानाथ ने बताया कि उनके गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के लिए कई बार खुली बैठक हुई। चौथी बैठक में उनकी पत्नी संजू देवी के नाम से प्रस्ताव बना लेकिन ग्राम पंचायत अधिकारी ने तीन महीने बाद दूसरे के नाम से प्रस्ताव बनाकर भेज दिया। आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा पैसे की मांग की गई जिसे वह पूरा नहीं कर सके। इस मामले में ब्लाक स्तर से लगायत जिले स्तर के अधिकारी से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।