निजामाबाद/फरिहां। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां गांव निवासी एक युवक की मुम्बई में हत्या कर शव को तेजाब से जला दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन शव लेने के लिए मुम्बई रवाना हो गए है। वहीं घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।
फरिहां गांव निवासी शाहरुख खान (25) रोजीरोटी के लिए पांच साल दुबई में रहा। वहां से लौटने पर आठ माह पूर्व वह महाराष्ट्र के पालघर जिला के ऊधवा गांव अपने चचेरे भाइयों के परिवार के साथ रह कर रोजीरोटी कमाने लगा। बीते नौ मार्च को शाहरुख की नासिक जिले के अभोना गांव स्थित कनासी रोड जंगल में हत्या कर व तेजाब से जला हुआ शव मिला। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव की पहचान की और मंगलवार की रात परिजनों को घटना की सूचना दिया।
चचेरे भाईयों से पूछताछ में पता चला कि बीते तीन मार्च को वह अपने रिश्तेदार रानी की सराय थाना क्षेत्र के रोवा गांव निवासी बबलू के साथ कहीं गया था और तब से नहीं लौटा। पुलिस ने हत्याकांड का राजफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं शेष दो की तलाश में पुलिस जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मुम्बई रवाना हो गए है। मृतक के नौ भाई व छह बहन बताए गए हैं।