आजमगढ़। जिले का क्राइम कंट्रोल पूरी तरह से गड़बड़ हो चुका है। ताबड़तोड़ हत्याएं हो रही है और पुलिस महकमा मूकदर्शक बना हुआ है। एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक हत्याएं हुई है और महकमा मुकदमा दर्ज करने के अलावा कुछ नहीं कर सका है।
गुरुवार को पवई थाना क्षेत्र के जल्दीपुर बाजार में भाजपा नेता व बीडीसी प्रतिनिधि अर्जुन यादव की हत्या हुई। वहीं इसी दिन मेंहनगर थाना क्षेत्र में बीडीसी के पुत्र की उसके दोस्तो ने ही पीट-पीट कर हत्या कर दी। इन दो घटनाओं में भाजपा नेता की हत्या करने वालों का अब तक पुलिस सुराग नहीं लगा सकी है तो वहीं बीडीसी पुत्र की हत्या के मामले में दो किशोर अपचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दो घटनाओं से उपजा आक्रोश अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सोमवार को निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों पर चाकुओं से जानलेवा हमला हो गया। जिसमें दो की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई तो वहीं एक की हालत गंभीर देख उसे हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। तीसरे घायल के मौत की भी रह-रह कर सूचना आ रही थी लेकिन एसपी सिटी पंकज पांडेय ने तीसरे के अभी सुरक्षित रहने की जानकारी देते हुए बताया कि साढ़े आठ बजे तक वह देवगांव कोतवाली क्षेत्र से आगे निकल गया है। ताबड़तोड़ हत्याओं से जिला दहल उठा है और पुलिस महकमा गड़बड़ हुए क्राइम कंट्रोल पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह से असफल साबित हो रही है। एसपी सुधीर कुमार सिंह की पुलिस लाख कवायद के बाद भी बीट पुलिसिंग को मजबूत नहीं कर सकी है। जिसके चलते ही ताबड़तोड़ घटनाएं हो रही है और पुलिस किसी भी घटना को होने के पहले नियंत्रित नहीं कर पा रही है।
पहले उड़ी थी गोली चलने की अफवाह, बाद में चाकूबाजी आया सामने
आजमगढ़। निजामाबाद के चकिया हुसैनाबाद गांव में हुई घटना के बाद पहली सूचना यह आई कि गोली चली है। जिसमें तीन लोग घायल हुए है। गोली की सूचना पर एसपी भी मौके पर पहुंच गए और तीनों घायल जिला मुख्यालय पर आ गए। जिला अस्पताल के जिन अस्पतालों पर उन्हें ले जाया गया वहां से जानकारी हुई कि गोली नहीं चली बल्कि चाकूबाजी हुई है।
पीएम हाऊस पर भी भीड़ गए थे कुछ लोग
बलरामपुर। चकिया हुसैनाबाद में हुई चाकूबाजी की घटना में मृत दोनों युवकों की बाडी पीएम के लिए मर्चरी हाऊस पहुंची तो वहां काफी संख्या में लोग जुट गए थे। मरने वाले दोनों युवकों में एक चकिया गांव का रहने वाला था तो दूसरा संजरपुर का था। पीएम के पहले ही किसी बात को लेकर पीएम हाऊस पर मौजूद लोगों में विवाद हो गया और हाथापाई भी होने लगी। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर बवाल को रोका और हंगामा व मारपीट कर रहे तीन युवको ंको पकड़ कर बलरामपुर चौकी पर भेज दिया।