टीकाकरण की रैकिंग में जिला टॉप टेन में पहुंचा
स्टेट लेवर पर जारी रैकिंग में जिले को मिला नौवां स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण की रैकिंग में जिला टॉप टेन जिलों में शामिल हो गया है। प्रदेश स्तर पर जारी हुई रैकिंग में जिले को नौवां स्थान मिला है। जिसे लेकर जिले के स्वास्थ्य महकमा व टीकाकरण टीम में खुशी व्याप्त है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय ने बताया कि शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने का स्थानीय टीम पूरा प्रयास कर रही है। अभी कुछ कमियां है, जिसके चलते अभी हम ओवरऑल 66 प्रतिशत लक्ष्य की ही पूर्ति कर सके है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण को लेकर प्रदेश स्तर से जारी सूची में जिला नौवें स्थान पर है। जिलें में लक्ष्य के सापेक्ष 66 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। उन्होने बताया कि 140 प्रतिशत टीकाकरण कर प्रयागराज जनपद पहले स्थान पर है। 98 प्रतिशत के साथ कुशीनगर दूसरे व 91 प्रतिशत के साथ मुजफ्फरनगर तीसरे स्थान पर है। बदायूं जनपद 86 प्रतिशत के साथ चौथे व 85 प्रतिशत के साथ हाथरस पांचवे स्थान पर है। 82 प्रतिशत के साथ हरदोई छठे, 71 प्रतिशत के साथ अलीगढ़ सातवें, 66.2 प्रतिशत के साथ अलीगढ़ आठवें स्थान पर है। 66 प्रतिशत के साथ आजमगढ़ नौवें व 64 प्रतिशत के साथ सुल्तानपुर दसवें स्थान पर है। प्रदेश के टॉप टेन सूची में स्थान मिलने पर जिले के स्वास्थ्य महकमे में खुशी व्याप्त है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजय का दावा है कि 18 प्लस के टीकाकरण की शुरूआत केसाथ ही जिले की रैकिंग और बेहतर होगी और हमारा प्रयास होगा कि टॉप फाइव में हम स्थान बनाए।
- मनोज गोंड