सगड़ी। अखिल भारतीय किसान सभा और भारतीय खेत मजदूर यूनियन के आह्वान पर बृहस्पतिवार को किसानों की समस्याओं समेत नौ सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष कमला राय मालटारी गांव में अपने आवास पर ही भूख हड़ताल पर बैठे गए हैं।
कमला राय ने बताया कि हमारी मांग हैं कि आपत्तिजनक कृषि विरोधी अध्यादेश को वापस लिया जाए। महामारी के पीड़ितों को प्रतिमाह 7500 रुपये छह माह तक दिया जाए और हर परिवार को 10 किलो अनाज दिया जाए। मनरेगा में सभी योग्य मजदूरों को 200 दिनों का काम और 600 रुपए प्रतिदिन मजदूरी दें या फिर वैकल्पिक काम या बेरोजगारी भत्ता दिया जाए। बढ़े हुए पेट्रोल और डीजल के दाम, रासायनिक खाद और बिजली बिल में वृद्धि तत्काल वापस ली जाए। सर्वजनीय खाद्य सुरक्षा और जन वितरण प्रणाली लागू की जाए। सभी किसानों, कृषि मजदूरों और काश्तकारों का पंजीकरण किया जाएगा। बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाकर 10 हजार रुपये प्रति माह किया जाए। किसान आयोग की सिफारिशों के अनुसार धान और दूसरी खरीफ फसलों के लिए एमएसपी मेें बढ़ोतरी की जाए और लागत मूल्य में कमी की जाए। कोरोना महामारी से लड़ने के लिए केरल मॉडल के आधार पर सर्वजनीय स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था लागू की जाए। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष अरुण राय, ब्लाक मंत्री योगेन्द्र सिंह, सदस्य अशोक राय, बहादुर सिंह, बरसाती शर्मा मौजूद थे।