Azamgarh News: कस्बे में खेल के दौरान विवाद में आठ साल के बालक की पिटाई की गई, जिसमें उसके गुप्तांग में गंभीर चोट आई है। मामले में तीन के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
आजमगढ़ कस्बे में खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष के तीन लोगों ने 8 वर्षीय बालक की पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट में बालक के गुप्तांग में भी गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी 8 वर्षीय बालक गुरुवार शाम करीब छह बजे ढोड़ई दास की कुटी के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में किसी बात को लेकर बालक और दूसरे समुदाय के एक बच्चे के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद की सूचना मिलने पर बादशाह पुत्र मंसूर, करीम पुत्र मंसूर तथा मंसूर पुत्र महबूब मौके पर पहुंचे और बालक की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में बालक के गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
विज्ञापन
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाना कप्तानगंज पहुंचे तो उनकी तहरीर तत्काल नहीं ली गई। करीब चार घंटे बाद पुलिस ने बादशाह, करीम और मंसूर के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज की। इस संबंध में थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है। जो तथ्य जांच में आयेंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।