आजमगढ़। तहसील निजामाबाद के ग्रामसभा भिलौली खालसा में कोटे की नई दुकान के चयन को लेकर ग्रामवासियों में आक्रोश है। पूर्व कोटेदार पर खाद्यान्न के ब्लैक मार्केटिंग के आरोप में एफआईआर दर्ज होने व दुकान निरस्त होने के बाद आज तक नए कोटेदार का चयन नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व कोटेदार व ग्राम प्रधान के परिवार के कुछ लोग मनमाने ढंग से दुकान किसी खास व्यक्ति को दिलाने की कोशिश में लगे हैं। ग्रामीणों ने गुप्त मतदान की मांग की है। इसे लेकर ग्राम सभा की बैठक हुई, जिसमें दुकान के चयन के लिए गुप्त मतदान की प्रक्रिया अपनाने की बात उठाई गई थी, लेकिन अवधबिहारी यादव, उमेश यादव तथा समिति सदस्य संजीव कुमार सिंह ने इसका विरोध किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि इन लोगों ने जबरन दुकान चयन की घोषणा कर दी और कहा कि दो दिन बाद संपर्क करें। एआरओ देवेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिली थी। आवंटन की प्रक्रिया होनी है। सभी मानको को ध्यान में रखते हुए ही कोटे का आवंटन किया जाएगा।