आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी विकास ने बताया कि वह और अमरावती प्यार करते थे। लेकिन उसने कुछ दिन से बात करना बंद कर दिया।
साथ ही जब झगड़ा हुआ तो अमरावती ने उसे मारा। यह उसे नागवार गुजरा और विकास ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार करते हुए अमरावती की हत्या कर दी। आरोपी विकास पवई थाना क्षेत्र के दावनपारा गांव का निवासी है।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि तीन जुलाई को दावनपारा गांव निवासी संजय ने थाने पर तहरीर दी कि उसकी पत्नी अमरावती (30) की हत्या धारदार हथियार से कर दी गई है। तहरीर में विकास समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चार जुलाई को शाम 6.10 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सर्विस लेन हमीरपुर तिराहे के पास से आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद विकास की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम खंडौरा स्थित सर्विस लेन के पास झाड़ियों से कुल्हाड़ी और मृतका का मोबाइल बरामद किया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अन्य नामजद अभियुक्तों की तलाश की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।