जनगणना-2027 की प्रक्रिया 7 मई से शुरू होने वाली है। पहली बार डिजिटल जनगणना होगी। जनगणना दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना की जाएगी। इसके पहले 15 दिनों तक स्व-गणना का फॉर्म ऑनलाइन भरने की सुविधा दी जाएगी।
इससे लोगों को सहूलियत होगी और समय की बचत होगी। एडीएम गंभीर सिंह ने बताया कि जिले में मतगणना के लिए 9757 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसमें 24 चार्ज अधिकारी हैं। जिसमें आठ ग्रामीण चार्ज अधिकारी हैं इन पर तहसीलदार की तैनाती की गई है।
वहीं 16 नगर चार्ज अधिकारी तैनात किए गए हैं। जो नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी होंगे। इनको तीन मास्टर ट्रेनर और 154 फील्ड ट्रेनर की ओर से प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू होगा, जिसमें जातीय जनगणना भी शामिल रहेगी। एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने बताया कि सबसे पहले 7 मई से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो 21 मई तक चलेगी। इस दौरान परिवार का मुखिया se.cen-sus.gov.in पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर व अन्य विवरण से लॉगिन कर सकेगा। पोर्टल पर मांगी गई पूरी जानकारी उन्हें भरनी होगी। यह प्रक्रिया पूरी करने के बाद एक एसई आईडी मिल जाएगी।