जिला अस्पताल में भर्ति डायरिया के मरीज।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर की लापरवाही का खामियांजा अक्सर ही मुबारकपुर की जनता भुगतती आ रही है। 2014 में जहां डायरिया तो 2018 में फैली पीलिया से यहां दर्जनों की मौत हो चुकी है। हर बार नगर पालिका का पानी ही दूषित पाया गया है। पूर्व की गलतियों से नपा ने सीख नहीं लिया, जिसका परिणाम मुबारकपुर कस्बा एक बार फिर डायरिया की चपेट में आकर भुगत रहा है।
मुबारकपुर नपा प्रशासन कभी भी अपने पेयजल सप्लाई व्यवस्था को दुरूस्त नहीं रख सकी है। 2014 में दूषित पानी के चलते कस्बे में डायरिया फैली थी। तो वहीं 2018 में पीलिया ने कई माह तक आतंक मचाया था। दर्जन भर से अधिक लोगों ने नपा की लापरवाही के चलते अपनी जान तक गवाया था। इसके बाद भी नपा प्रशासन पूर्व के अपनी गलतियों से सीख नहीं लिया। जिसका परिणाम वर्तमान में कस्बे की जनता एक बार फिर डायरिया के फैलाव के चलते भुगत रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने कराई पानी की सैपलिंग
मुबारकपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अमूल श्रीवास्तव के नेतृत्व में डायरिया प्रभावित कटरा बलुआ व सरैया मुहल्लों में जगह-जगह से पानी की सैंपलिंग किया। सीएमओ डॉ. आईएन तिवारी ने बताया कि पानी का सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। इसके बाद भी यह स्पष्ट हो सकेगा कि पानी में गड़बड़ी है कि नहीं। वहीं जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट में यदि गड़बड़ी मिलती है तो नपा के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।