आजमगढ़। इस बार वन विभाग समेत अन्य सरकारी विभागों ने माइक्रो प्लान के तहत जिले में 42 लाख 88 हजार 330 पौधे लगाए हैं। समस्त विभागों ने पांच जुलाई को पौधरोपण करने का दावा तो कर दिया लेकिन किसी ने अभी तक जियो टैगिंग की स्थलवार रिपोर्ट नहीं दी है। इसे लेकर वन विभाग गंभीर नजर आ रहा है। डीएफओ ने समस्त विभागों को पत्र लिखकर जल्द से जल्द पौधरोपण की जियो टैगिंग की रिपोर्ट मांगी है।
पर्यावरण संतुलन को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार ने मानसून में पूरे प्रदेश में वन क्षेत्र बढ़ाने की रणनीति बनाई थी। इसके तहत जिले में वन विभाग सहित अन्य विभागों को पौधरोपण का लक्ष्य सौंपा गया था। सरकारी विभागों को खाली पड़ी सरकारी भूमि पर पौधरोपण कराना था। वन विभाग ने अपने क्षेत्र में पौधरोपण करने का तो दावा किया है। वहीं अन्य विभागों ने भी लक्ष्य पूरा करने का दावा किया है। खास बात तो यह है कि विभागों ने तो लक्ष्य पूरा करने का दावा कर दिया लेकिन कई विभागों ने अभी तक पौधरोपण की रिपोर्ट वन विभाग को उपलब्ध नहीं कराई है। जब इस बारे में डीएफओ संजय बिश्वाल से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वन विभाग ने जियो टैगिंग कर लिया है। अन्य विभागों को पत्र लिखकर जियो टैगिंग की रिपोर्ट मांगी गई है।