आजमगढ़। मौनी अमावस्या पर स्नान के लिए बुधवार को जिले के अवंतिकापुुरी, भैरो बाबा धाम, दुर्वासा दत्तात्रेय आदि पौराणिक स्थानों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मंदिरों में पूजन के बाद दान देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
निजामाबाद क्षेत्र के गौसपुर ग्राम सभा में स्थित महर्षि दत्तात्रेय धाम पर कुंवर और तमसा नदी के संगम में स्नान करने वालों का तांता लगा रहा। सुरक्षा की दृष्टि से काफी संख्या में पुलिस जगह-जगह तैनात दिखी। कुंवर और तमसा नदी के संगम पर स्नान करने के बाद भक्तों ने पातालपुरी महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करने के बाद महर्षि दत्तात्रेय मंदिर में भगवान श्रीराम के दरबार में शीश नवाए। साथ ही दान भी किया। उधर, मौनी अमावस्या पर फूलपुर और ग्रामीण क्षेत्रों में नदियों और सरोवरों में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। आस्था की डुबकी लगाने के बाद लोगों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किए। पौराणिक स्थल दुर्वासा धाम पर ठंड के बावजूद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। उधर, रानी की सराय क्षेत्र में अवंतिकापुरी व रानी की सराय कस्बा में रानी पोखरा सहित अन्य तालाबों और पोखरों में लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई और पूजन-अर्चन कर मन्नतें मांगीं। इसके बाद मंदिर में जाकर दर्शन-पूजन किए गए। साथ ही दान-दक्षिणा दिया। इसी क्रम में रानी पोखरा पर भी स्नानार्थियों की भीड़ देखने को मिली। लोगों ने स्नान के बाद पोखरा तट पर हनुमान जी सहित अन्य देवी-देवताओं के दर्शन-पूजन किए। महाराजगंज क्षेत्र के बाबा भैरो धाम स्थित पोखरे में स्नान के लिए भीड़ लगी रही। पोखरे में आस्था की डुबकी लगाने के बाद बाबा के दरबार में लोगों ने माला, फूल, बतासा, नारियल, काली मिर्च आदि चढ़ाकर मन्नतें मांगीं। अहरौला क्षेत्र के दुर्वासा धाम के तमसा-मंजूषा के पवित्र संगम पर सुबह से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। उधर, मेंहनगर के गौरा स्थित मंडलेश्वर धाम पर शिव सरोवर में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और जलाभिषेक किया।