भोले भंडारी के जलाभिषेक को उमड़े श्रद्धालु
सावन मास के पहले सोमवार को पूजन-अर्चन के लिए शिवमंदिरों में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भंवरनाथ स्थित शिवमंदिर में पूरे दिन पूजा पाठ का दौर चला। शिवमंदिरों में जलाभिषेक के बाद कई कांवरियों का जत्था बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। मंदिर में घंटा-घड़ियाल की आवाज के साथ ही भक्तों द्वारा लगाए जा रहे हर-हर महादेव के जयकारे से क्षेत्र गूंजता रहा।
सावन मास के पहले सोमवार को महिलाओं ने व्रत रखा और भोर में ही शिवालयों में पूजन-अर्चन के लिए निकल पड़ी थी। नगर स्थित भंवरनाथ मंदिर पर देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे। नगर के एलवल त्रिमुहानी, मातबरगंज शंकर तिराहा, बौरहवा बाबा, नरौली, पंचदेव मंदिर, पुरानी कोतवाली, कटरा आदि स्थानों पर शिवमंदिरों में सुबह से ही शिव जी के दर्शन को तांता लगा रहा है।
मेजवां संवाददाता के अनुसार, सावन मास के पहले सोमवार को फूलपुर और ग्रामीण क्षेत्रों में कांवरियों में काफी उत्साह रहा। विभिन्न इलाकों से कांवरियों का जत्था आने से पौराणिक स्थल दुर्वासा का रंग केसरिया हो गया। कांवरिए दुर्वासा स्थित पवित्र तमसा-मंजुषा नदी से जल लेकर मुंडियार होते हुए फूलपुर के शंकर तिराह पहुंचे, जहां कावरियों का स्वागत नवयुवक क्रांति दल के पदाधिकारियों ने किया। इस दौरान बोल बम के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। दुर्वासा धाम से जल लेकर छित्तेपुर, सरायमीर, दीदारगज, सिकरौर के कांवरियों ने शिवालयों में जलाभिषेक किया।