सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तहबरपुर में शनिवार को मातृ एंव शिशु स्वास्थ्य अभियान के तहत आयोजित कार्यशाला में भाग लेने पहुंचे, स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी अधीक्षक और डिप्टी सीएमओ डा. संजय कुमार को मरीजों और कर्मचारियों ने घेर लिया। समस्याओं के निस्तारण की मांग करते हुए कर्मचारियों और मरीजों ने बवाल शुरू किया तो डिप्टी सीएमओ वहां से निकल गए।
कार्यशाला में लखनऊ से आए टीएसयू के नोडल अधिकारी फिरोज आलम द्वारा कार्यशाला में उपस्थित आशाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और एएनएम को उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यशाला के बाद डिप्टी सीएमओ डा. संजय कुमार जैसे ही अपने कार्यालय में बैठे वैसे ही बकाया पारिश्रमिक और प्रशिक्षण कराए जाने की मांग को लेकर आशा बहुओं ने उनका घेराव कर दिया।
अभी उन्होंने आशा बहुओं को समझाकर हटाया ही था कि तहबरपुर गांव निवासी रामनिवास यादव ने एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के लिए वसूले जा रहे दस रुपये को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। डिप्टी सीएमओ ने जब कर्मचारियों को फटकार लगाई तो वह यह भड़क उठे और उनका घेराव करते हुए कहा कि सीरिंज नहीं है। ऐसे मेें इंजेक्शन कैसे लगाया जाए। चेतावनी दी कि सीरिंज आने पर ही वह एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाएंगे। हंगामा देख डिप्टी सीएमओ महिला चिकित्सक की गाड़ी बैठकर निकल गए।