आजमगढ़। कोरोना काल होने के बावजूद बेसिक शिक्षा विभाग गत वर्ष सितंबर में लागू किए गए मिशन प्रेरणा के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मुश्किलों को ‘अनलाक’ करने में जुटा है। स्कूली शिक्षा महानिदेशक के निर्देशों को देखते हुए जिले में बेसिक शिक्षकों को गूगल मीट, वेब लिंक व पीडीएफ फाइलों की मदद से प्रशिक्षित करने के साथ आनलाइन प्रशिक्षण देने में जुटा है। शिक्षकों का फीडबैक भी लिया जा रहा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने बताया कि विभाग ने मिशन प्रेरणा के अंतर्गत प्रेरणा सूची, प्रेरणा तालिका एवं प्रेरणा लक्ष्य के साथ आधारशिला, ध्यानाकर्षण एवं शिक्षण संग्रह जैसे माड्यूलों के अध्ययन पर जोर दिया है। इन सभी माड्यूलों की हार्डकापी भी शिक्षकों को हाल ही में उपलब्ध कराई गई है। अब शिक्षकों को संकुलवार मिशन प्रेरणा के बारे में अवगत कराया जा रहा है। इसके लिए एसआरजी, केआरपी एवं एआरपी की टीमें गूगल मीट के द्वारा शिक्षकों के साथ आनलाइन बैठकें कर रही हैं। बेसिक शिक्षकों के लिए यह नया अनुभव लेकिन उपजे हालातों को देखते हुए आनलाइन संवाद को विभाग व शिक्षकों के हित में बताया जा रहा है। दीक्षा ऐप के अधिकाधिक प्रयोग के लिए शिक्षकों व अभिभावकों को प्रेरित किया जा रहा है।